नौसेना दिवस भारतीय नौसेना की वीरता, शौर्य और देश के प्रति योगदान का प्रतीक है – डॉ.सी. एम. मेहता
कालूखेड़ा/जावरा (राजकुमार हरण) शासकीय महाविद्यालय कालूखेड़ा में 4 दिसंबर 2024 को नौसेना दिवस के उपलक्ष्य में “सेना में करियर कैसे बनाएं” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भारतीय नौसेना के गौरवशाली इतिहास और सेना में करियर के अवसरों के बारे में जागरूक करना था।
कार्यक्रम के प्रथम मुख्य वक्ता क्रीड़ा अधिकारी डॉ. विजय कुमार दीक्षित ने नौसेना दिवस के इतिहास और भारतीय नौसेना में भर्ती की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। उन्होंने अग्निवीर योजना के तहत भर्ती नियमों की विस्तृत जानकारी देकर छात्र-छात्राओं को सेना में जाने के लिए प्रेरित किया।
द्वितीय मुख्य वक्ता डॉ. सी.एम. मेहता ने भारतीय नौसेना के महत्व और इसकी उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारतीय नौसेना भारतीय सेना का समुद्री अंग है, जो 400 वर्षों के गौरवशाली इतिहास के साथ देश की समुद्री सीमाओं, संस्कृति और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा करती है।
डॉ. मेहता ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारतीय नौसेना की “ऑपरेशन ट्राइडेंट” के तहत कराची बंदरगाह पर ऐतिहासिक जीत को याद करते हुए बताया कि इसी सफलता की स्मृति में हर साल 4 दिसंबर को नौसेना दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने 2024 की नौसेना दिवस की थीम “नवाचार और स्वदेशीकरण के माध्यम से शक्ति और सामर्थ्य” पर जोर दिया, जो नौसेना की आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति को दर्शाती है। इसके साथ ही भारतीय नौसेना द्वारा मानवीय सहायता, आपदा राहत, समुद्री डकैती, तस्करी और आतंकवाद जैसी चुनौतियों से निपटने में निभाई जा रही भूमिका की भी जानकारी दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिलिंद डांगे ने अध्यक्षीय वक्तव्य में छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया कि वे मेहनत और समर्पण से सेना में भर्ती होकर देश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. हुमा परवीन मंसूरी ने किया और आभार प्रदर्शन प्रो. चेतन देवड़ा ने किया। इस अवसर पर डॉ. अंजेला सिंगारे, प्रो. हीरा चौहान, प्रो. नाजिश शेख, डॉ. चेतना कोठारी, डॉ. अर्चना पांडेय, डॉ. सतीश जायसवाल और डॉ. हृदेश्वर गुप्ता सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

सम्पादक (रतलाम जिला क्षेत्र)
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष – ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन मध्यप्रदेश
उपाध्यक्ष – आंचलिक पत्रकार संघ रतलाम जिला
सचिव – प्रेस क्लब जावरा
विगत 35 वर्षों से फोटोजर्नलिस्ट एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवा दे रहें हैं।