महिला ब्लैकमेलर के घर से 45 लाख रूपये की नगदी, 55 लाख के आभूषण बरामद
दक्ष चोपड़ा
उज्जैन:अलखधाम नगर निवासी को ब्लैकमेलिंग करने के प्रकरण में थाना नीलगंगा पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारशुदा महिलाओं से ब्लैकमेलिंग कर वसूले गये करीब 45 लाख रूपये नगद एवं 55 लाख रूपये के सोने चांदी के आभूषण बरामद हुए है। फरियादी द्वारा बताया गया कि उक्त महिला द्वारा उसके पिता को झूठे केस में फंसाने एवं जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया गया। पुलिस ने विवेचना के दौरान महिला के घर पर दबिश दी तो आरोपी महिला के घर से करीब 45 लाख रूपये नगदी व करीब 55 लाख रूपये के आभूषण पाये गये। महिला के घर पर ब्रांडेड कम्पनियों का भौतिक सुख सुविधाओं का सामान भी पाया गया है जिसकी जांच की जा रही है। उक्त महिला और उसके समस्त परिजनो के पास प्रत्येक के पास एक लाख से अधिक कीमत के मोबाईल उपयोग करना पाये गये। उक्त महिला फरियादी के घर पर केवल सात हजार रूपये मासिक वेतन पर झाडू पोछा का कार्य करती थी। उसकी बहन भी लोगो के घर बर्तन मांजने के कार्य करती थी। महिला के वृंदावनधाम कालोनी में दो मकान होने की जानकारी मिली है जिसकी पुष्टि की जा रही है। आरोपी महिला पिंकी गुप्ता, उसकी बहन रजनी पाटीदार व उसकी मां सजन बाई बैरागी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया है जहां उनका पुलिस रिमाण्ड लेकर आगे की विवेचना की जावेगी। प्रकरण में अन्य आरोपी राहुल मालवीय की तलाश की जा रही है।

दक्ष चोपड़ा (उज्जैन – जिला ब्युरों)
युवा पत्रकार सक्रिय पत्रकारिता करते हुए हर मामलें में दक्ष है। महाकाल की नगरी में होकर धर्म, राजनीति व सामाजिक विषयों पर अच्छी पकड़ रखते हैं।